शिमला के रामपुर के खनेरी में गुरुवार को एक 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव खनेरी अस्पताल के पास सुलभ शौचालय के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग-05 के दाहिनी ओर पाया गया। मृतक की पहचान अंशुल पुत्र बालक राम, निवासी उर्नी गांव, उप तहसील टापरी, जिला किन्नौर के रूप में हुई है। अंशुल खनेरी स्थित एमजीएमएससी में कृष्णा लैब में कार्यरत था। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मृत्यु डॉक्टर रेजिडेंस के पास जंगल की ओर से नीचे सड़क की तरफ गिरने के कारण हुई है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि मृतक ने पिछली शाम को शराब का सेवन किया था। एक प्रत्यक्षदर्शी ने उसे शाम करीब 7 बजे पैराफिट पर अकेले बैठे हुए देखा था। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए एफएसएल जुन्गा की टीम को मौके पर बुलाया गया है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। जांच पूरी होने तक शव को घटनास्थल पर ही सुरक्षित रखा गया है।


