छत्तीसगढ़ के 8 जिलों में 54.38 करोड़ की ठगी करने वाले आरोपी को जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी चिटफंड कंपनी विनायक होम्स एंड रियल एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड का डायरेक्टर जितेंद्र बीसे है। जिसे इंदौर से पकड़ा गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के मुताबिक, आरोपी अपनी पहचान छिपाकर और हुलिया बदलकर रह रहा था। उसने प्रदेश के 11,396 निवेशकों करोड़ों रुपए ठगे। प्रभावित जिलों में जशपुर, सरगुजा, कोरिया, बलरामपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायपुर और बलौदाबाजार शामिल हैं। तीन गुना रिटर्न का दिया लालच आरोपियों ने निवेशकों को तीन गुना रिटर्न और सालाना 25,000 रुपए कमीशन का लालच दिया। लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई कंपनी में लगा दी। आरोपियों ने चेकनुमा कागज देकर लाखों रुपए हड़प लिए। साइबर सेल की मदद से ट्रेस किया पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी को इंदौर में ट्रेस किया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी के खिलाफ रायपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, बलरामपुर, कटघोरा, सरगुजा और चांपा में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। मामला धारा 420, 120(बी) और छत्तीसगढ़ निक्षेपकों का हित संरक्षण अधिनियम की धारा 10 के तहत दर्ज किया गया है। दो आरोपी अभी भी फरार एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि चिटफंड कंपनी के तीन डायरेक्टर गिरफ्तार किए जा चुके हैं और फरार आरोपियों की संपत्ति का चिन्हांकित कर कुर्की की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। दो अन्य आरोपी कालू सिंह वर्मा और योगेंद्र बीसे अभी फरार हैं।


