बांसवाड़ा में दुकान पर बैठे युवक पर हमला:परिजनों का आरोप-दो राउंड फायरिंग की, पुलिस बोली- नुकीली चीज से लगी चोट

बांसवाड़ा के दानपुर थाना क्षेत्र के सरवनी गांव में बुधवार शाम दो पड़ोसी दुकानदारों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया। किराना दुकान पर बैठे युवक पर फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है। हालांकि पुलिस ने गोली चलने की बात से इनकार करते हुए कहा कि झड़प के दौरान किसी नुकीली लोहे की वस्तु से वार किया गया था। घायल युवक को पहले छोटी सरवन अस्पताल ले जाया गया, बाद में बांसवाड़ा के एमजी हॉस्पिटल से बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया गया। भाई ने लगाया फायरिंग का आरोप सरवनी गांव निवासी मणिलाल (पिता धारजी) बुधवार शाम अपनी किराना दुकान पर बैठा था। इसी दौरान गांव का ही एक युवक वहां पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। घायल के भाई राजेश ने आरोप लगाया कि हमलावर पीछे से आया और छर्रे वाली देसी बंदूक से दो राउंड फायरिंग की, जिससे मणिलाल घायल हो गया। परिजनों का कहना है कि दोनों के बीच पहले से कोई रंजिश नहीं थी और हमला अचानक किया गया। एमजी हॉस्पिटल से उदयपुर किया रेफर घटना के बाद परिजन घायल मणिलाल को छोटी सरवन के अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बांसवाड़ा के एमजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। गुरुवार को डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे उदयपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने फायरिंग की बात नकारी दानपुर थानाधिकारी लक्ष्मीचंद ने फायरिंग की बात से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्ष पड़ोसी दुकानदार हैं और किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। झड़प के दौरान किसी लोहे की नुकीली चीज से वार किया गया, जिससे मणिलाल को चोट आई। उनका कहना है कि सिर पर गोली लगने जैसी स्थिति नहीं है, इसलिए फायरिंग की बात सही नहीं लगती। घायल मणिलाल गुरुवार सुबह खुद दानपुर थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस घटनास्थल के साक्ष्यों और चोट के निशानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *