छोटीसादड़ी के भंवरमाता रोड स्थित सिद्धेश्वर बालाजी मंदिर के पास बने पक्के चबूतरे को हटाने की आशंका पर क्षेत्र के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचे और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि यह चबूतरा नगरपालिका द्वारा जनता की मांग पर बनवाया गया था। इस पर क्षेत्र की महिलाएं भजन-कीर्तन करती हैं। अन्नकूट सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान यहीं प्रसाद बनाकर वितरित किया जाता है। उपखंड कार्यालय परिसर में पहुंचने पर लोगों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा और रामधुन का पाठ किया। उन्होंने प्रशासन को बताया कि कुछ लोग नगरपालिका प्रशासन पर चबूतरा हटाने का दबाव बना रहे हैं। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की कि धार्मिक गतिविधियों से जुड़े इस चबूतरे को न हटाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चबूतरे को हटाने की कार्रवाई की जाती है, तो इसका तीव्र विरोध किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


