पंजाब में किसान नेताओं की गिरफ्तारी के खिलाफ रेल कोच फैक्ट्री एम्पलाइज यूनियन (RCF) ने जोरदार विरोध जताया है। यूनियन की आपातकालीन बैठक अध्यक्ष अमरीक सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संयुक्त किसान मोर्चे के नेताओं की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की गई। अध्यक्ष अमरीक सिंह ने कहा कि प्रदर्शन किसानों की पसंद नहीं, बल्कि मजबूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और पंजाब सरकार पूंजीपतियों के हित में काम कर रही हैं। उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा उद्योगपतियों को दी गई 410 करोड़ रुपए की छूट का उदाहरण दिया। यूनियन का कहना है कि भगवंत मान सरकार किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों और युवाओं के अधिकारों का हनन कर रही है। RCFEU के महासचिव सर्वजीत सिंह ने कहा कि पंजाब के किसान गंभीर संकट में हैं। किसानों की आत्महत्या इसका प्रमाण हैं। यूनियन ने मांग की है कि हिरासत में लिए गए किसान नेताओं को तुरंत रिहा किया जाए। साथ ही किसानों की मांगों पर ध्यान दिया जाए। यूनियन ने किसानों को संविधान के तहत शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति देने की भी मांग की है। उन्होंने केंद्र सरकार से किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने को कहा है।


