अबोहर की कृष्णा नगरी में होली की देर रात करीब 10 बजे हुड़दंगी युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। इसी मार्ग पर एक घर में ढाबा चलाने वाले परिवार पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। हुड़दंगी युवकों ने पास पड़ी ईंटों से ढाबे पर हमला कर सारा सामान भी तहस-नहस कर दिया। सूचना मिलते ही 112 हेल्पलाइन की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। स्थानीय निवासी आशा रानी ने बताया कि वह और उनकी चाची सास सुमन घर में ही एक छोटा ढाबा चलाकर गुजारा करती हैं। घटना की रात दो युवक, जो पहले से ही किसी से झगड़ा करके आए थे और नशे में धुत थे, ढाबे पर आकर पानी पिया और गालियां देने लगे। जब उनके पति दीपक कुमार ने युवकों को गालियां देने से रोका, तो वे वहां से चले गए। कुछ ही मिनटों बाद वे अपने कुछ अन्य साथियों के साथ वापस लौटे। आते ही उन्होंने गली में रखी ईंटों से ढाबे पर हमला कर दिया, जिससे ढाबे का सारा खाना और सब्जियां बिखर गईं। इस हमले में दीपक कुमार और उनकी चाची सुमन घायल हुए हैं। मौके पर मौजूद पार्षद पुनीत अरोड़ा सोनू ने बताया कि युवकों ने पहले ढाबा चलाने वाली महिलाओं से पानी मांगा था, और जब उन्होंने पानी देने से इनकार किया तो उन्होंने परिवार पर हमला कर दिया और ढाबे पर ईंटें बरसाईं। पार्षद ने 112 हेल्पलाइन पर इसकी सूचना दी, लेकिन पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही हमलावर वहां से भाग गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से हुड़दंगी युवकों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।


