कांगड़ा के अनुराग शर्मा को राज्यसभा भेजेगी कांग्रेस:सीएम सुक्खू की ब्राह्मण समुदाय को साधने की कोशिश, युवा कार्यकर्ताओं को संदेश

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले से जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनुराग शर्मा को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया है। कांग्रेस ने इस कदम के जरिए आगामी चुनावों और जिले के भीतर राजनीतिक समीकरणों को साधने की रणनीति बनाई है। इसे मुख्यमंत्री सुक्खू का एक महत्वपूर्ण राजनीतिक दांव माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य विभिन्न वर्गों को एकजुट करना है। अनुराग शर्मा को उम्मीदवार बनाकर कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश के प्रभावशाली ब्राह्मण समुदाय को एक महत्वपूर्ण संदेश दिया है। कांगड़ा जिले में ब्राह्मण मतदाताओं की संख्या निर्णायक मानी जाती है। पार्टी का मानना है कि इस कदम से इस वर्ग में कथित नाराजगी को दूर करने में मदद मिलेगी।
पार्टी ने मेहनती कार्यकर्ता को दिया मौका इसके साथ ही, छात्र राजनीति (NSUI) से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अनुराग शर्मा के जरिए कांग्रेस ने प्रदेश के युवा कार्यकर्ताओं को भी संदेश दिया है। पार्टी यह दर्शाना चाहती है कि जमीनी स्तर पर कड़ी मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को नेतृत्व में अवसर दिए जाते हैं। ब्राह्मण वर्ग में पकड़ बनाने की कोशिश राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, अनुराग शर्मा का चयन बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र से होने के कारण भी महत्वपूर्ण है। इसी क्षेत्र से भाजपा की पूर्व राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी भी संबंध रखती हैं। भाजपा ने इंदु गोस्वामी को राज्यसभा भेजकर बैजनाथ और कांगड़ा के ब्राह्मण वर्ग में अपनी पकड़ मजबूत की थी। अब कांग्रेस ने उसी क्षेत्र से अनुराग शर्मा को आगे कर भाजपा की इस रणनीति का जवाब देने का प्रयास किया है। संगठन और सरकार के बीच सेतु यह कदम आने वाले समय में भाजपा के लिए राजनीतिक चुनौती पेश कर सकता है। जनवरी 2026 में जिला अध्यक्ष बनने के बाद से ही अनुराग शर्मा संगठन को सक्रिय करने में जुटे थे। अब राज्यसभा के लिए उनके चयन ने यह साफ कर दिया है कि मुख्यमंत्री सुक्खू उन चेहरों पर दांव लगा रहे हैं जो उनके प्रति पूरी तरह निष्ठावान हैं और संगठन पर पकड़ रखते हैं। पर्यटन और पैराग्लाइडिंग जैसे क्षेत्रों में सक्रिय होने के कारण उनकी छवि एक आधुनिक और प्रगतिशील नेता की भी है, जो कांगड़ा के विकास के मुद्दों को दिल्ली में मजबूती से रख सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *