सूरजपुर जिले में एक महिला प्रधान आरक्षक ने रामानुजनगर थाना प्रभारी (टीआई) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि थाना प्रभारी उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं और उनकी नीयत गलत है। यह मामला तब सामने आया जब महिला प्रधान आरक्षक ने एसपी ऑफिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद जांच के आदेश जारी किए गए हैं। दरअसल, कुछ समय पहले महिला आरक्षक का एक डांस वीडियो सार्वजनिक रूप से वायरल हुआ था। इस वीडियो के कारण पुलिस सिविल कोड के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया गया था। इसके अलावा उनके बेटे पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई भी की गई थी। महिला प्रधान आरक्षक ने टीआई पर बदनीयती के तहत कार्रवाई का लगाया आरोप इन दोनों घटनाओं से महिला प्रधान आरक्षक नाराज थी। महिला आरक्षक का कहना है कि उनके खिलाफ की गई कार्रवाई बदनीयती और द्वेषपूर्ण है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी संतोष महतो ने इस शिकायत को विशाखा कमेटी को जांच के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


