डीग कलेक्टर को सोनगांव में लोगों ने गिनाई परेशानियां:स्थानीय विकास, सुविधाओं और ​अतिक्रमण को लेकर समस्याएं उठाई

डीग जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने गुरुवार को जिले की पंचायत समिति डीग के ग्राम सोनगांव में ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई की। इस जनसुनवाई का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत विकास को गति देना और आमजन को सुशासन का सीधा लाभ पहुंचाना था। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इसमें भाग लिया और स्थानीय विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं और सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण से जुड़े विभिन्न परिवाद प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी परिवादियों को धैर्यपूर्वक सुना और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्र की मांग
जनसुनवाई में मुख्य रूप से ग्रामीण अवसंरचना और चिकित्सा सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की मांगें सामने आईं। ग्रामीणों ने सार्वजनिक उपयोग के लिए समुदाय भवन, बच्चों के लिए आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक चिकित्सा के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन के निर्माण की मांग की।
इसके अलावा समीपवर्ती ग्राम बरावली में एक पूर्ण सुविधायुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की भी मांग रखी गई। इस पर कलेक्टर ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। जलभराव की समस्या के निपटारे को लेकर दिए निर्देश
ग्रामीण अधोसंरचना के विकास पर जोर देते हुए कलेक्टर ने ग्राम में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाली निर्माण, साराई रोड से श्योरावली तक पक्की सड़क के निर्माण और सिंचाई सुविधा हेतु कैनाल निर्माण के प्रस्तावों पर शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने श्मशान घाट तक जाने वाले रास्ते के निर्माण और उसकी चारदीवारी के कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के आदेश भी दिए। रास्तों की बदहाली और अतिक्रमण के संबंध में, जिला कलक्टर ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को सार्वजनिक रास्तों की तत्काल मरम्मत करवाने तथा अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाते हुए रास्तों को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *