जयपुर में होली के दौरान हुड़दंग और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत विधायकपुरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लग्जरी कार में ले जाई जा रही अवैध बीयर की खेप पकड़ी है। पुलिस ने 479 बोतल बीयर बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। बीयर परिवहन में काम ली गई XUV-700 कार को भी जब्त कर लिया है। डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि धुलंड़ी के दिन पुलिस टीम इलाके में लगातार गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संजय मार्ग स्थित दुर्गा बिजनेस सेंटर के पास एक XUV-700 कार में अवैध रूप से बीयर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो कार की डिग्गी से कुल 20 पेटियों में भरी 479 बोतल बीयर बरामद हुई। इन्हें किया गिरफ्तार पुलिस ने मौके से आरोपी मोहित तिलवानी (21) निवासी सेक्टर-8, मंदिर मोड़ सर्किल, विद्याधर नगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लग्जरी कार का इस्तेमाल कर रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसकी चालाकी काम नहीं आई। नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने बीयर से भरी पेटियां और XUV-700 कार को जब्त कर लिया है। फिलहाल आरोपी से इतनी बड़ी मात्रा में बीयर कहां से लाई गई और इसके पीछे किसका नेटवर्क है, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।


