बड़गांव टोल नाके के आगे एक होटल के समीप शहर थाना पुलिस की ओर पकड़ी गई गोवंश तस्करी के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में जिस कंटेनर से गोवंश की तस्करी की जा रही थी, उसे भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। एसएचओ भीखाराम काला ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक कन्टेनर नम्बर आरजे 51 जीए 4063 में गोवंश की तस्करी की जा रही है। इस पर पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। कंटेनर में 44 गोवंश ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे मौके पर नीतेश सैनी ने इस संबंध में एक रिपोर्ट दी। इसमें बताया गया कि गोरक्षकों को बड़गांव टोल नाके के आगे दिनांक दो मार्च को रात्रि मे सुचना आधार पर मैंने और अन्य गोरक्षक कार्यकर्ता ने बडगांव टोल नाका के आगे सुप्रीम मेवात होटल के पास एक ट्रक कन्टेनर को रुकवा कर चैक किया तो उसमें 44 गोवंश ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे। जिनके पैर और मुंह बंधे हुए थे। कंटेनर में ड्राइवर सहित तीन व्यक्ति बैठे थे। इस पर कंटेनर को श्रीराम गौशाला सिलोरा लेकर आए और ट्रक कंटेनर में भरे कुल 44 छोटे-बड़े गौवंश को स्वतंत्र करवा कर श्रीराम गौशाला में छोड़ा। टोंक जिले के रहने वाले हैं तीनों आरोपी रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गोवंश की तस्करी में प्रयुक्त कन्टेनर को जब्त कर गोवंश की तस्करी करने वाले तीन आरोपियों टोंक जिले के सवांरिया स्थित पिनारो का मोहल्ला निवासी 32 साल के मोहम्मद हुसैन पुत्र यासीन खान, पचेवर के चावंडिया गांव स्थित बागरियों की ढाणी निवासी 40 वर्षीय मेवाराम पुत्र हीरालाल बागरिया और सवांरिया के भीलों की ढाणी निवासी 20 वर्षीय आशाराम पुत्र जोधाराम भील को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ गोवंश अधिनियम व पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे लोग गोवंश कहां से भरकर लाए थे और कहां ले जा रहे थे।


