लुधियाना जिले के मुल्लांपुर दाखा में ब्लॉक समिति मुल्लांपुर के चेयरमैन और उप-चेयरमैन का चुनाव गुरुवार को संपन्न हो गया है। दलजीत कौर पमाल को सर्वसम्मति से चेयरमैन चुना गया, जबकि वीरपाल कौर सेखों उप-चेयरमैन बनीं। चेयरमैन पद के लिए दलजीत कौर पमाल के नाम का प्रस्ताव गुरमेल सिंह गोगी ने रखा था, जिसका समर्थन सुखविंदर सिंह ने किया। सभी ब्लॉक समिति के विजेता सदस्यों की सहमति से यह प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद वीरपाल कौर सेखों को उप-चेयरमैन चुना गया। विधायक मनप्रीत सिंह ने किया सभी को सम्मानित इस अवसर पर हलका विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने नवनिर्वाचित चेयरमैन, उप-चेयरमैन और सभी ब्लॉक समिति सदस्यों को सम्मानित किया। यह उल्लेखनीय है कि ब्लॉक समिति के ये सभी सदस्य आजाद उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीते थे और उन्हें मनप्रीत सिंह अयाली का समर्थन प्राप्त था। ब्लॉक समिति मुल्लांपुर के विजेता सदस्यों में दलजीत कौर, वीरपाल कौर सेखों, मनदीप कौर, सुरिंदर कौर, अमरजीत कौर, अमनदीप कौर, लखबीर सिंह, अमनदीप सिंह जंडी, गुरविंदर सिंह, राजदीप सिंह, गुरमेल सिंह, परमजीत कौर, कमलजीत कौर, सुखविंदर सिंह, लखविंदर सिंह, हरप्रीत कौर और हरभजन कौर शामिल हैं। नवनिर्वाचित चेयरमैन दलजीत कौर पमाल और उप-चेयरमैन वीरपाल कौर सेखों ने सभी सदस्यों और समर्थकों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वे ब्लॉक के गांवों के विकास, लोगों की समस्याओं के समाधान और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देंगी।


