फरीदकोट में पंचायत समिति के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव की प्रक्रिया शिरोमणि अकाली दल द्वारा बहिष्कार किए जाने के कारण पूरी नहीं हो सकी और प्रशासन को चुनावी बैठक एक दिन के लिए स्थगित करनी पड़ी। बता दें कि, चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव के लिए फरीदकोट के बीडीपीओ कार्यालय में बैठक बुलाई गई थी, जिसमें कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और भाजपा के सदस्य मौजूद रहे, जबकि अकाली दल के सदस्यों ने बैठक का बायकाट कर दिया। अकाली सदस्यों की गैरहाजिरी के कारण कोरम पूरा नहीं हो पाया और बैठक टालनी पड़ी। इस मामले को लेकर अकाली दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व हलका इंचार्ज परमबंस सिंह बंटी रोमाणा ने अपने निवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक तौर पर एक-दूसरे के खिलाफ बयान देने वाले कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता पंचायत समिति चुनाव में एकजुट नजर आ रहे हैं। ज्यादा सदस्य के बावजूद कांग्रेस ने लिया वाइस चेयरमैन का पद-बंटी रोमाणा शिअद नेता बंटी रोमाणा ने कहा कि पंचायत समिति में कांग्रेस के पास ज्यादा सदस्य होने के बावजूद उन्होंने वाइस चेयरमैन पद को लेकर आम आदमी पार्टी से समझौता किया है। उन्होंने दावा किया कि इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर एक कांग्रेसी कार्यकर्ता की पोस्ट से सामने आई, जिसमें लिखा गया कि लख्खा भाऊ को वाइस चेयरमैन चुना गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बैठक में क्षेत्र के विधायक गुरदित्त सिंह सेखों भी मौजूद थे, जबकि नियमों के अनुसार उन्हें इस चुनाव प्रक्रिया में शामिल नहीं होना चाहिए। अब यह बैठक 6 मार्च को दोपहर 3:30 बजे दोबारा बुलाई गई है।


