बीकानेर जिला एवं सत्र न्यायालय को गुरुवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कोर्ट परिसर को खाली करवाया। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह 4:42 पर धमकी से भरा ई-मेल आया था। इसमें लिखा है- दोपहर 2 बजे एक 14 साइनाइड बम लगा ब्लास्ट होंगे। 11 बजे तक कोर्ट को खाली करवा लें। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा को देखते हुए कोर्ट परिसर खाली करवाया और तलाशी शुरू की। इस दौरान कोर्ट परिसर में लगे बैंच से लेकर पार्किंग तक में एक-एक कर सभी वाहनों को चेक किया गया। फोटो में देखिए कैसे ली गई तलाशी… मेल में लिखा-दोपहर 2 बजे साइनाइड बम ब्लास्ट होंगे एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि ये मेल 5 मार्च को सुबह 4 बजे आया है। इसमें लिखा है- ठीक दोपहर 2 बजे कोर्ट में 14 साइनाइड बम ब्लास्ट होंगे। साथ में लिखा है आज होने वाले ब्लास्ट के लिए हथियारों से हुए नुकसान का अंदाजा कोर्ट के अंदर एपिसेंटर से 1.75 किमी रेडियस लगाया है। सुरक्षित रहने के लिए सुबह 11 बजे तक सभी को निकाल लें। 14 डिवाइस लगाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद टीम यहां पहुंच गई थी। कोर्ट परिसर के साथ ही पूरी बिल्डिंग, छत और पार्किंग समेत अन्य हिस्सों को देखा जा रहा है। ई-मेल किसने किया था और कहां से आया था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारी पहुंचे मौके पर, सभी को बाहर निकाला घटना की सूचना पर एडीएसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरोहित ने सभी अधिवक्ताओं और न्यायिक कर्मचारियों को तुरंत अदालत परिसर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की। अजय पुरोहित ने कहा कि अदालत परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, इसलिए सभी लोग तत्काल परिसर खाली कर दें। साथ ही जो वकील अभी तक कोर्ट नहीं पहुंचे हैं, उन्हें भी फिलहाल अपने घरों में ही सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है। धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा। ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। नोखा कोर्ट परिसर में भी ली तलाशी बीकानेर जिला एवं सत्र न्यायालय को गुरुवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने एहतियातन नोखा कोर्ट परिसर की भी जांच की। पुलिस उप अधीक्षक जनरैल सिंह और नोखा थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज पुलिस बल के साथ नोखा अपर जिला एवं सत्र न्यायालय पहुंचे।
सीओ जनरैल सिंह ने बताया – बीकानेर कोर्ट को धमकी भरा ईमेल मिला था। एहतियात के तौर पर नोखा पुलिस ने कोर्ट परिसर में स्थित सभी एसीजेएम और जेएम क्वार्टर्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी है और कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।


