उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ की प्रथम पुण्यतिथि पर सिटी पैलेस में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें शहरवासी और पैलेस के सदस्यों ने अरविंद सिंह मेवाड़ की तस्वीर के आगे पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर अरविंद सिंह मेवाड़ के बेटे डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने कहा- हृदय आज भी उसी क्षण पर ठहरा है, जब उन्होंने हमें छोड़ अनंत यात्रा शुरू की। पिता ने हमारी परंपरा, संस्कार और मान-सम्मान को सृजित, संरक्षित और गौरवान्वित किया। लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने कहा- पिता जो प्रेरणा, विश्वास और ऊर्जा हम में भरकर गए हैं। हम उनकी प्रेरणा से उसी परचम को लहराते हुए आगे बढ़ेंगे। उनके निधन के बाद खालीपन जीवन का हिस्सा बन गया है, लेकिन हम समाजसेवा, कला और टूरिज्म को लेकर उनके काम को हमेशा आगे बढ़ाएंगे। लोक गायक छोटू सिंह की स्वरांजलि प्रस्तुत
मेवाड़ की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा रखी गई। जहां डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने मां विजयराज कुमारी मेवाड़, पत्नी निवृत्ति कुमारी मेवाड़, बेटियां मोहलक्षिका कुमारी मेवाड़ व प्राणेश्वरी कुमारी मेवाड़ और बेटा हरितराज सिंह मेवाड़ ने पुष्पांजलि अर्पित की। मेवाड़ परिवार के बाद नगर वासियों, अतिथियों, पैलेस स्टाफ आदि ने श्रद्धांजलि समर्पित की। पुष्पांजलि के दौरान लोक गायक छोटू सिंह रावणा ने अरविंद सिंह मेवाड़ को स्वरांजलि प्रस्तुत की। इस मौके पर मेवाड़ द्वारा किए गए 41 वर्षों के योगदान को याद किया गया। मेवाड़ के महाकवि स्व. पंडित नरेंद्र मिश्र की लिखी कुछ पंक्तियां उन्हें श्रद्धा-सुमन समर्पित की गई।


