प्रिंसिपल को एपीओ करने का विरोध,3 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी:स्टूडेंट्स ने सुबह से न कुछ खाया, न पीया; व्यापारियों ने भी बाजार बंद रखा

स्कूल प्रिंसिपल को एपीओ करने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स में से 3 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। विरोध प्रदर्शन के दौरान स्टूडेंट्स ने सुबह से न तो पानी पीया और न ही खाना खाया था। तबीयत बिगड़ने पर तीनों छात्राओं को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। मामला जालोर के जसवंतपुरा में पीएम श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल का है। स्टूडेंट्स की प्रिंसिपल को फिर से इसी स्कूल में पोस्टेड करने की मांग है। स्टूडेंट्स के प्रदर्शन के समर्थन में जसवंतपुरा के व्यापारियों ने भी बाजार बंद रखा है। स्कूल में धरनास्थल पर जसवंतपुरा एसडीएम रामलाल मीणा, तहसीलदार नीरज कुमारी और थानाधिकारी गुमानसिंह भाटी स्टूडेंट्स से बात कर रहे हैं। लेकिन, स्टूडेंट्स जिला कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी से वार्ता करने पर अड़े हैं। राजकार्य में बाधा करने पर किया एपीओ
जसवंतपुरा बस स्टैंड के पास स्थित पीएम श्री राजकीय विद्यालय के प्राचार्य विक्रम सिंह को 3 मार्च को राजकार्य में बाधा मामले में कार्रवाई करते हुए एपीओ कर बीकानेर मुख्यालय पर लगाने के आदेश दिए थे। इससे नाराज स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बुधवार को सुबह करीब 9:30 बजे स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और गेट के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण भी स्टूडेंट्स के साथ धरने पर बैठे हुए हैं। जसवंतपुरा के व्यापारियों ने भी प्रिंसिपल को फिर इसी स्कूल में लगाने की मांग करते हुए छात्र-छात्राओं के समर्थन में बाजार को बंद रखा। प्रिंसिपल ने किया था एकलव्य हॉस्टल का विरोध
जालोर जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे ने बताया- जसवंतपुरा में करीब 5 एकड़ जमीन एकलव्य छात्रावास के लिए अलॉट हुई हुई थी। इसका प्रिंसिपल विक्रम सिंह की ओर से विरोध किया जा रहा था। इसको लेकर शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए एपीओ किया था। विरोध प्रदर्शन की सूचना पर एडीएम राजेश मेवाड़ा को रवाना कर दिया है, जो छात्र-छात्राओं को बात करके समझाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *