हाथोज नारायण सिटी में फर्नीचर गोदाम में भीषण आग:20 दमकलों की मशक्कत के बाद पाया काबू; गोदाम में मौजूद आधा दर्जन मजदूर, महिला और बच्चे सुरक्षित निकाले

जयपुर के हाथोज क्षेत्र स्थित नारायण सिटी में गुरुवार रात एक फर्नीचर गोदाम में भीषण आग लग गई। आग रात करीब 9:40 बजे राधा रानी वाटर पार्क के पास स्थित फर्नीचर फैक्ट्री में लगी, जिससे गोदाम में रखा भारी मात्रा में फर्नीचर जलकर खाक हो गया। बताया जा रहा है कि आग लगने के समय गोदाम में करीब आधा दर्जन मजदूर मौजूद थे, जिन्होंने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। वहीं फैक्ट्री परिसर में 13 से अधिक बच्चे और महिलाएं सहित अन्य लोग भी मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने गोदाम से उठती लपटें देख तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलने तक ग्रामीणों ने टैंकरों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद जयपुर से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 20 दमकलों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग तेजी से फैल गई क्योंकि गोदाम में फर्नीचर के साथ ज्वलनशील सामान और केमिकल भी रखा हुआ था। लोगों ने आग फैलने से पहले गेट के पास रखे सोफे और गैस सिलेंडर बाहर निकाल लिए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर खोरा बिसल थाना पुलिस, कालवाड़ और करधनी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से गोदाम के टीन तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला और जलती आग के बीच से गैस सिलेंडर भी सुरक्षित बाहर निकाले। पुलिस का कहना है कि फैक्ट्री रिहायशी इलाके में बिना नाम और बोर्ड के संचालित हो रही थी। यदि समय रहते पुलिस और दमकल की टीम कार्रवाई नहीं करती तो हालात और भी गंभीर हो सकते थे। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। यहां देखें फोटोज

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *