लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को बूंदी के पुलिस परेड ग्राउंड में सुपोषित मां अभियान के तीसरे चरण का शुभारंभ किया। यह अभियान मातृ शक्ति के सशक्तिकरण और गर्भवती माताओं व नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए है। बिरला ने कहा कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन लाना हमारा संकल्प है। इसी भावना से सुपोषित मां अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया गया है। उन्होंने बताया कि स्वस्थ मां से ही स्वस्थ शिशु का जन्म होता है। स्वस्थ शिशु ही सशक्त समाज की नींव रख सकता है। लोकसभा अध्यक्ष ने बताया कि यह अभियान 2020 में कोटा में शुरू हुआ। उस समय कुपोषण के कारण बच्चों की मृत्यु हुई थी। जांच में पता चला कि माताओं को पर्याप्त पोषण नहीं मिल रहा था। इसलिए माताओं को पोषणयुक्त आहार देने के लिए यह अभियान शुरू किया गया। इससे स्वस्थ मां, स्वस्थ शिशु और स्वस्थ समाज का निर्माण होगा। इस दौरान केशोरायपाटन की पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल, बूंदी के पूर्व विधायक अशोक डोगरा, लोकसभा के ओएसडी राजिव दत्ता, बूंदी भाजपा जिला अध्यक्ष रामेश्वर मीणा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नुपुर मालव, नैनवां प्रधान पदम नागर, केशोरायपाटन प्रधान वीरेंद्र सिंह हाडा, बूंदी नगर परिषद सभापति सरोज अग्रवाल मौजूद रहे। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि हंस फाउंडेशन के सहयोग से कोटा-बूंदी के दूरदराज के इलाकों में जरूरतमंद परिवारों को निशुल्क दवाइयां, जांच और परामर्श की सुविधा उपलब्ध हो रही है। उन्होंने हंस फाउंडेशन द्वारा देशभर में किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था जरूरतमंदों की सेवा में निरंतर कार्यरत है।


