भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद डॉ. ज्योति मिर्धा ने जिला मुख्यालय पर जनसुनवाई की। डॉ. मिर्धा ने नागौर व डीडवाना-कुचामन जिले से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। दोनों जिलों से आए लोगों ने बिजली, पानी, सड़क, पेयजल आपूर्ति समेत अन्य कई विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपे। इस दौरान खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा भी साथ रहे। पूर्व सांसद डॉ. मिर्धा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पंचायतीराज चुनावों में खींवसर उपचुनाव की तरह एक टीम बनकर काम करना है। हर हाल में हर सीट जीतना जरूरी है। पंचायतीराज की स्थापना नगरी नागौर में भाजपा के सभी बोर्ड बनाना ही प्राथमिकता है। डॉ. मिर्धा ने आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए और बलायां गांव में बिजली के तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। डॉ. मिर्धा ने कहा कि अपराधों की संख्या लगातार घटती जा रही है। गैंगवार, लूट जैसी घटनाओं पर अंकुश लगा है। जिले में शांति स्थापित हो रही है। इस दौरान खींवसर प्रधान प्रतिनिधि जगदीश बिड़ियासर समेत कई जनप्रतिनिधि व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


