भास्कर न्यूज|भरनो प्लस टू हाई स्कूल भरनो का आदेशपाल बिशुनपुर थाना क्षेत्र के सेरका गांव निवासी 20 वर्षिय कुशल तुरी का बीते मंगलवार को सिसई के सकरौली गांव के एनएच 23 पर सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। दिवंगत आत्मा की शांति के लिये शोक सभा का आयोजन किया गया। जहां दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिये प्रार्थना की गई। जानकारी के अनुसार वह स्कूल से छुट्टी के बाद बाइक पर सवार होकर अपने घर सेरका लौट रहा था। इस क्रम में तेज गति होने के कारण सकरौली गांव के पास उसकी बाइक से एक वेगन आर कार की भिड़ंत हो गई और कुशल गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों द्वारा उसे सिसई रेफरल हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। दो महीने पहले भी वह बाइक की तेज गति के कारण बाइक से गिरकर हाथ तोड़ लिया था। कुशल की मौत को लेकर प्लस टू हाई स्कूल में बुधवार को स्कूल के प्राचार्या वरदानी टोप्पो की अगुवाई में शोक सभा का आयोजन किया गया। जहां दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिये प्रार्थना किया गया।


