शहर के कृषि मंडी के पास स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में नवनिर्मित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में मूर्ति प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न हो गया है। दो दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में शिखर कलश स्थापना और पंचकुंडीय महायज्ञ सहित विभिन्न अनुष्ठान विधि-विधान से किए गए। इस महोत्सव में कॉलोनी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। धार्मिक आयोजन की शुरुआत बुधवार शाम को भगवान शिव परिवार की शोभायात्रा के साथ हुई। यह शोभायात्रा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में नगर भ्रमण पर निकली। दो दिवसीय धार्मिक आयोजन के अंतर्गत गुरुवार को भी अनुष्ठान जारी रहे। सुबह 9 बजे से गणपति एवं शिव पूजन के साथ विश्वशांति महायज्ञ की पूर्णाहुति और शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा की गई, जिसके साथ महोत्सव का समापन हुआ।


