गुरदासपुर में सुबह सवा आठ बजे सुनार के परिवार के घर में निहंग सिंह के लिबास में 5 डकैत घुसे। उन्होंने हथियारों के बल पर घरवालों को बंधक बनाकर गहने और कैश लूट लिया। परिवार के मुताबिक 7 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। जाते हुए डकैत घर के सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी उतार कर ले गए। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सुनार वरुण महाजन के पत्नी नेहा महाजन ने बताया कि उनका घर जेल रोड पर स्कीम नंबर-5 में है। सुबह सवा आठ बजे के समय घर के बाहर पांच आदमी निहंग सिंह बाने में आए। घर के बाहर चाय पी रहे ड्राइवर से मालिक को बुलाने के लिए कहा। इसके बाद ड्राइवर घर के अंदर आया लेकिन वे पांच हथियारबंद आदमी भी उसके पीछे अंदर आ गए। उन्होंने आते ही कहा कि आपने सोशल मीडिया पर हमारे धर्म के खिलाफ कोई पोस्ट डाली हैं जिससे उनके धर्म की बेअदबी हुई है। उन्होंने धमकाते हुए घर की चाबियां मांगीं। मना करने पर उन्होंने मुझे और मेरे पति के हाथ-पांव बांधकर एक कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद उसी कमरे में ड्राइवर को भी बांध दिया। दूसरे कमरे में मेरे दोनों बच्चों को बांध दिया। इसके बाद कहने लगे कि तुम्हारे पास जो कुछ भी है, निकालकर दे दो नहीं तो तुम्हें और तुम्हारे बच्चों को मार देंगे। फिर मैंने अलमारी और तिजोरी की चाबियां दे दीं। उन्होंने घर की सभी अलमारी और तिजोरी खोली। घर के सभी कमरों की तलाशी ली। सभी के पास हथियार थे। एक ने हमारे ऊपर पिस्तौल तानी हुई थी। सुनार वरुण महाजन के बेटे शिखर ने बताया कि हमें उन्होंने कमरे में बांध दिया था। इसके कारण वे हिल भी नही पा रहे थे। उन्होंने घर में रखी नकदी, गोल्ड और सिल्वर सभी ले लिया। हम सभी को वे करीब डेढ़ घंटे टॉर्चर करते रहे। चार लुटेरों के चेहरे ढके हुए थे। सिर्फ एक ने चेहरा खोला हुआ था। वे हमारी गाड़ी टाटा हैरियर और सभी के मोबाइल फोन भी ले गए। दो महीने पहले भी घर में घुसकर 1.35 करोड़ की चोरी हुई थी इससे पहले भी दो जनवरी को गुरदासपुर शहर के झूलना महल में भी एक सुनार के घर चोरी हुई थी। सुनार उमेश वर्मा अपने रिश्तेदार के घर जालंधर गया हुआ था। चोरों ने घर में घुसकर 1 करोड़ 35 लाख की चोरी की। इनमें गहने ओर नकदी शामिल थी। वहीं चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी साथ ले गए। दो माह गुजर जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। आरोपी जिस गाड़ी में भागे, उसकी सीसीटीवी फुटेज मिली गुरदासपुर एसएसपी आदित्य ने कहा कि वारदात की सूचना मिलते ही शहर में अलर्ट जारी कर दिया था। हमें कुछ क्लू मिले हैं। इसके आधार पर जल्द ही घटना को ट्रेस कर लिया जाएगा। डकैत जो गाड़ी लेकर गए हैं, उसकी सीसीटीवी फुटेज मिल गई है। मौके पर पहुंचे डीएसपी तरजिंदर सिंह ने बताया की सूचना मिलते ही वह पहुंच गए। मामले की जांच शुरू कर दी गई। उन्होंने बताया कि परिवार के अनुसार निहंग सिंह के लिबास में पांच व्यक्ति उनके घर पर आए थे, जिन्होंने इस लूट की वारदात को अंजाम दिया। उनके पास हथियार भी थे। वहीं आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।


