लुधियाना| चौड़ा बाजार स्थित एक इलेक्ट्रिक दुकान से बिजली की तारों के बंडल गायब होने का मामला सामने आया है। दुकान मालिक ने अपने ही कर्मचारी पर चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है। दुकानदार राज कुमार के अनुसार जब उन्होंने दुकान का स्टॉक चेक किया तो बिजली की तारों के कई रोल कम पाए गए। शक होने पर उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें कर्मचारी की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दीं। राज कुमार ने बताया कि आरोपी कृष्ण कुमार ही उनकी दुकान संभालता था। जांच के दौरान पता चला कि दुकान से करीब 10 तारों के बंडल गायब हैं। उन्होंने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश भी की, लेकिन उससे संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद दुकानदार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।


