भास्कर न्यूज | लुधियाना स्वास्थ्य विभाग की तरफ से किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने को लेकर 90 दिवसीय ह्यूमन पैपिलोमा वायरस टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ सिविल सर्जन लुधियाना डॉ. रामनदीप कौर के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर उन कैंसरों में से एक है जिनसे समय पर टीकाकरण और जागरूकता के माध्यम से काफी हद तक बचाव संभव है। उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सुरक्षित और अत्यंत प्रभावी रोकथाम का उपाय है और अभिभावकों से अपील की कि वे आगे आकर अपनी 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बेटियों को इस विशेष अभियान के दौरान टीका अवश्य लगवाएं। डॉ. रामनदीप कौर ने कहा कि निर्धारित आयु में बेटियों को यह सुरक्षा प्रदान करने से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। जिले में करीब 40 हजार किशोरियों को यह टीका लगेगा। निजी मेडिकल स्टोरों में इस वैक्सीन की कीमत करीब चार हजार रुपये है। जबकि हेल्थ विभाग की तरफ से फ्री में लगाई जा रही है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. हरप्रीत सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन की तरफ से अभियान के सफल संचालन के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं और लाभार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले की 19 स्वास्थ्य संस्थाओं में टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। ताकि अधिक से अधिक किशोरियां इस सेवा का लाभ ले सकें। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के बाद प्रत्येक लाभार्थी को 30 मिनट तक निगरानी में रखा जाएगा, जो सभी टीकाकरण कार्यक्रमों में अपनाया जाने वाला एक मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वह अपनी बेटियों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर इस महत्वपूर्ण टीकाकरण अभियान का लाभ दिलाएं। एसएमओ एमसीएच डॉ. रोहित रम्पाल और एसएमओ सिविल अस्पताल लुधियाना डॉ. अखिल सरीन भी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक एचपीवी वैक्सीन विश्वभर में व्यापक रूप से उपयोग की जा रही है और इसे सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जाता है। स्वास्थ्य विभाग ने लुधियाना जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वह इस 90 दिवसीय अभियान का पूरा लाभ उठाएं और पात्र किशोरियों को टीकाकरण अवश्य करवाएं। इन अस्पतालों में होगा टीकाकरण: यह टीकाकरण अभियान सिविल अस्पताल लुधियाना, एसडीएच खन्ना, एसडीएच समराला, एसडीएच रायकोट, एसडीएच जगराओं, सीएचसी साहनेवाल, सीएचसी पायल, सीएचसी मनूपुर, सीएचसी पाखोवाल, सीएचसी सिधवां बेट, सीएचसी कूम कलां, सीएचसी हथूर, सीएचसी माछीवाड़ा, सीएचसी सुधार, सीएचसी मलौद, सीएचसी देहलों, यूसीजीसी जवाद्दी, एमसीएच वर्धमान और यूसीएचसी शिमलापुरी में आयोजित किया जाएगा। वैक्सीनेशन अभियान के बारे में जानकारी देतीं सिविल सर्जन। ।


