हरि कीर्तन के साथ होली मिलन समारोह मनाया

भास्कर न्यूज | अमृतसर प्रवासी भलाई बोर्ड पंजाब सरकार के पूर्व वाइस चेयरमैन राम भवन गोस्वामी के नेतृत्व में होली का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित होली मिलन समारोह में फूलों और गुलाल के साथ-साथ हरि कीर्तन की मधुर धुनों ने उत्सव की शोभा बढ़ाई। समारोह को संबोधित करते हुए राम भवन गोस्वामी ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक परंपराओं, आदर्शों और नैतिक मूल्यों का मूर्त प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि होली महापर्व सामाजिक समरसता की दृष्टि से सिरमौर है। यह हमें सिखाता है कि जीवन की किसी भी कटुता को प्रेम और संवाद के रंगों से मिटाया जा सकता है। गोस्वामी के अनुसार, आज यह एक वैश्विक पर्व बन चुका है, जो संपूर्ण विश्व में भारतीय संस्कृति की जीवंतता को दर्शाता है। गोस्वामी ने इस बात पर जोर दिया कि होली के माध्यम से हमें नकारात्मक प्रवृत्तियों और बैर-भाव को त्यागकर सुख-दुख साझा करने चाहिए। उन्होंने बदलते सामाजिक परिवेश में इस पर्व की महत्ता बताते हुए कहा कि विभिन्न जातियों, वर्गों और समुदायों के लोग जब आपसी भेदभाव भुलाकर गले मिलते हैं, तो राष्ट्र की एकता मजबूत होती है। गोस्वामी ने अपील की कि प्राकृतिक रंगों का प्रयोग कर और जल संरक्षण का ध्यान रखते हुए ही इस उत्सव की सार्थकता सिद्ध होती है। इस समारोह में जोगिंदर उपाध्याय, अनुराग शास्त्री, शिवनारायण, राजकुमार पाल, विजय यादव, सूरज पाल, मेजर यादव, राम मूरत, श्री राम, रामबरन आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *