महिला दिवस पर जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता होगी

भास्कर न्यूज | लातेहार अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को लातेहार जिला स्टेडियम में जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी जिला युवा अधिकारी कंचन कुमारी ने दी। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता प्रातः 8:30 बजे से शुरू होगी, जिसमें जिले की बालिकाएं एवं महिलाएं भाग ले सकेंगी। प्रतियोगिता के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इसमें अंडर-13 वर्ष, 13 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की बालिकाएं और महिलाएं हिस्सा ले सकेंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए रिपोर्टिंग समय प्रातः 9.30 बजे निर्धारित किया गया है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य खेलों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को प्रोत्साहित करना तथा उनके भीतर खेल भावना को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए इच्छुक प्रतिभागियों को माई भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करना अनिवार्य होगा। प्रतिभागी निर्धारित लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, खेल संगठनों तथा महिला स्वयं सहायता समूहों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में बालिकाओं एवं महिलाओं को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, ताकि खेलों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण के इस अभियान को सफल बनाया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *