भास्कर न्यूज | सरायकेला जिलेभर में रंगों का पर्व होली बुधवार को पूरे उत्साह, उमंग और भाईचारे के साथ मनाया गया। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही लोग घरों से निकलकर एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाते हुए पर्व की शुभकामनाएं देते नजर आए। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी होली के रंग में सराबोर दिखे। जिला मुख्यालय सरायकेला, चांडिल, आदित्यपुर, गम्हरिया और कांड्रा सहित विभिन्न इलाकों में ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर लोग झूमते नजर आए। कई स्थानों पर सामूहिक होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जहां लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर मिठाइयां खिलाई और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और पारंपरिक फाग गीतों के साथ उत्सव को खास बना दिया।वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार होलिका दहन के बाद रंगोत्सव मनाया गया। गांवों में सुबह से ही टोली बनाकर लोग एक-दूसरे के घर पहुंचे और होली की बधाई दी। होली के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी तथा लगातार गश्ती की जा रही थी। प्रशासन की सतर्कता और लोगों के सहयोग से पूरे जिले में होली का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सनातनी दुर्गा पूजा कमेटी गेस्ट हाउस में बीती शाम होली मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक माहौल के बीच लोगों ने एक-दूसरे से मिलकर होली पर्व की बधाई दी और उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम में कमेटी की ओर से नवीन कुमार, रमेश दास, कैलाश पोद्दार सहित कई सदस्य मौजूद रहे। सभी ने मिलकर होली मिलन के इस आयोजन को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न किया। मौके पर उपस्थित लोगों ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में आपसी मेलजोल और भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करते हैं।


