ओवर स्पीड स्कॉर्पियो ने डिवाइडर पार कर कार को मारी टक्कर

लुधियाना| सग्गू चौक के पास बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर पार कर सामने से आ रही साईरॉस कार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि गनीमत यह रही कि साईरॉस कार में सवार परिवार बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार साईरॉस कार में सवार एक परिवार किचलू नगर की ओर से सग्गू चौक की तरफ जा रहा था। जैसे ही कार चौक के पास पहुंची, तभी दूसरी दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक नियंत्रण खो बैठी। बताया जा रहा है कि चालक ने ओवरस्पीड में वाहन चलाते हुए डिवाइडर पार कर लिया और सीधे सामने से आ रही कार से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान साईरॉस कार के एयरबैग खुल गए, जिससे कार में बैठे परिवार के सदस्यों की जान बच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार सवारों की मदद की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के दौरान स्कॉर्पियो का एक टायर निकलकर दूर जा गिरा, जिससे हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही घुमार मंडी चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल करवाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। सग्गू चौक के पास सड़क हादसा में क्षतिग्रस्त कारें ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *