भास्कर न्यूज |लुधियाना सदर थाना क्षेत्र के फुल्लांवाल चौक के पास तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और गुस्साए परिजनों ने चौक जाम कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया। जानकारी के अनुसार घटना 200 फीट रोड पर हुई। आरोप है कि आरोपी रुपिंदर कुमार निवासी शहीद भगत सिंह नगर अपनी बीएमडब्ल्यू कार को नशे की हालत में करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चला रहा था। इसी दौरान उसने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार युवक को करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। 200 फीट रोड पर क्षतिग्रस्त कार। फुल्लांवाल चौक पर धरने में मौजूद पुलिस अधिकारी। मृतक के भाई अमित कुमार ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद उन्होंने अपने भाई को एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के समय मौके पर पुलिस मौजूद थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी कार चालक वहां से फरार हो गया। परिजनों का कहना है कि रात को आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से वे काफी आक्रोशित थे। इसके विरोध में उन्होंने सुबह अपने रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर फुल्लांवाल चौक पर जाम लगा दिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी रुपिंदर कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ सदर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय आरोपी नशे की हालत में था या नहीं।


