राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद ने शिक्षा सत्र के लिए राज्य के 134 स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया 6 मार्च से शुरू करने और इसके लिए कैलेंडर जारी करने का निर्णय लिया है। इनमें जिले के चार स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल हिंडौली, नैनवां, बरुंधन और लाखेरी भी शामिल हैं। यह कदम जिले के ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों के बच्चों को सीबीएसई पैटर्न की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले के इन चार मॉडल स्कूलों में पहली कक्षा में 40 सीटों का प्रावधान किया गया है। इसके लिए आयु सीमा 6 से 7 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 31 मार्च 2026 को आधार मानकर की जाएगी। प्रवेश प्रक्रिया के तहत 6 से 16 मार्च तक ऑफलाइन आवेदन लिए जाएंगे। इसके बाद 19 मार्च को सूची जारी की जाएगी और अधिक आवेदन की स्थिति में 23 मार्च को लॉटरी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। चयनित विद्यार्थियों के प्रवेश फॉर्म 25 से 30 मार्च तक भरे जाएंगे और 1 अप्रैल से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। कक्षा 9 में प्रवेश के लिए 18 मार्च को प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। 23 मार्च को परिणाम घोषित किया जाएगा। एक्सपर्ट व्यू . 10वीं व 12वीं में सीबीएसई के नियमों से प्रवेश शिक्षक संघ रेसटा के प्रदेश उपाध्यक्ष गजराजसिंह ने बताया कि कक्षा 10वीं और 12वीं में प्रवेश सीबीएसई के नियमों के अनुसार होगा, जबकि कक्षा 11 के लिए अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे। इन मॉडल स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति, प्रशिक्षण, संसाधनों की उपलब्धता और बेहतर संचालन की मांग करता रहा है। स्कूलों को पूरी तरह सशक्त बनाने के लिए पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति, आधुनिक सुविधाएं और नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि ये स्कूल वास्तव में आदर्श शिक्षा के केंद्र बन सकें।


