मध्यप्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा प्रस्तुत किए गए अनुपूरक बजट में राजगढ़ जिले के ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। मंत्री नारायण सिंह पंवार के प्रयास से लगभग 18 करोड़ रुपए की लागत से 6 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इन सड़कों के निर्माण से ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र का समग्र विकास होगा। इसे लेकर मंत्री पंवार ने कहा, “सड़कें सिर्फ परिवहन का साधन नहीं, बल्कि विकास की रीढ़ होती हैं। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र का विकास होगा।” यह सड़कें बनेगी 1. ग्राम बरखेड़ा कॉलोनी: ₹1.04 करोड़ की लागत से 0.70 किमी सीसी रोड। 2. ग्राम झरखेड़ा पाडली से ग्राम खरेटिया हनुमान मंदिर: ₹1.02 करोड़ की लागत से 0.80 किमी सीसी रोड। 3. ग्राम पुनरखेड़ी से ग्राम नापलियाखेड़ी मार्ग: ₹7.08 करोड़ की लागत से 4 किमी सड़क। 4. एनएच-52 से सिविल अस्पताल होते हुए अहिंसा द्वार तक पहुंच मार्ग: ₹3 करोड़ की लागत से 1.10 किमी सड़क। 5. एनएच-752 बी से ब्यावरा सुठालिया मार्ग स्थित नायरा एनर्जी पंप से सलेहपुर मार्ग: ₹3.80 करोड़ की लागत से 3 किमी सड़क। 6. ग्राम देवलखेड़ा से ग्राम कौड़िया गौड़ मार्ग: ₹2 करोड़ की लागत से 1.50 किमी सड़क। ग्रामीणों को मिलेगा लाभ इन सड़कों के निर्माण से ग्रामवासियों के लिए ग्राम-से-ग्राम आवागमन सरल होगा। साथ ही, बेहतर सड़क नेटवर्क से व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी सुलभ होगी। बता दें कि मंत्री नारायण सिंह पंवार ने इन सड़कों के निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी के माध्यम से प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था, जिसे वित्त मंत्री श्री देवड़ा ने मंजूरी दी।


