खरगोन में नगरपालिका कर्मचारियों ने भाजपा के जिला कार्यालय मंत्री मोहन राठौर के खिलाफ सरकारी काम में बाधा व अभ्रद व्यवहार को लेकर कोतवाली पुलिस थाने में शिकायत की है। बुधवार दोपहर में नगर पालिका के सारे कर्मचारी कोतवाली थाने पहुंचे। मोहन राठौर नगरपालिका में ठेकेदारी करते हैं। वे वार्ड 21 में काम को लेकर आ रही समस्या पर नगर पालिका ऑफिस पहुंचे थे। आरोप है कि वे उत्तेजित होकर राठौर अभद्रता करने लगे। कोतवाली थाना प्रभारी बीएल मंडलोई का कहना है कि पेन ड्राइव देकर शिकायत की है। जांच की जा रही है। मामले में कार्यालय मंत्री मोहन राठौर का कहना है कि वार्ड 21 में गड्ढा भरने को लेकर 10 माह से टेंडर लंबित था। उसमें कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी। इस संबंध में जानकारी लेने गया था। किसी से अभद्रता नहीं की। जनता के पैसे का दुरुपयोग हो रहा है। अभद्रता कर मारने को उतारु हो गए नगरपालिका कार्यालय अधीक्षक रमेश कटारिया ने कहा, वे सीएमओ साहब के चैंबर पहुंचे और विवाद किया। मारने को उतारु हो गए थे। मुझसे भी विवाद किया। कई अनर्गल बातें कहीं। उनका कहना था ट्रांसफर कर दूंगा। हमारे टैक्स के पैसों से आपको वेतन मिलता है। कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे नगर पालिका कर्मचारी एसोसिएशन अध्यक्ष महेश सोनी ने कहा, मोहन राठौर ने सीएमओ के साथ अभद्र व्यवहार किया। किसी ठेके का विवाद था। इसे लेकर उन्होंने सीएमओ को अपशब्द बोले। पुलिस में आवेदन दिया है। यदि कार्रवाई नहीं होती है तो आगे आंदोलन करेंगे। हम चाहते हैं कि कार्रवाई हो।


