36.9 डिग्री हुआ पारा; जिले में रोज की बिजली खपत 117 लाख यूनिट पहुंची

जिले में तापमान 36.9 डिग्री तक पहुंच गया है। ये सामान्य से 6.6 डिग्री ज्यादा है। अब रात को भी गर्मी बढ़ गई है। रात का तापमान 1.6 डिग्री बढ़ोतरी के साथ 16.6 पर पहुंच गया है। बढ़ती गर्मी के साथ बिजली की डिमांड भी रोज 117.13 लाख यूनिट तक पहुंच गई है, जो पिछले साल की रोज की खपत से 15.81 लाख यूनिट अधिक है। डिस्कॉम एसई आरपी वर्मा ने बताया कि ये खपत गर्मी बढ़ने से हुई है। तापमान और बढ़ा तो बिजली की डिमांड बढ़ जाएगी। गुरुवार को अधिकतम 36.9 एवं न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि इससे पहले बुधवार को अधिकतम 36.5 एवं न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री था। मौसम विभाग का कहना है कि अधिकतम सामान्य तापमान से 6.6 एवं न्यूनतम सामान्य से 3.9 डिग्री ज्यादा है। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में गुजरात एवं उसके आसपास अरब सागर क्षेत्र के ऊपर प्रति चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने तथा तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस और बढ़ोतरी होने की संभावना है। प्रदेश में एक सप्ताह के दौरान अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री ऊपर जारी रहने तथा दक्षिण-पश्चिमी भागों में 8-10 मार्च के दौरान कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज होने की प्रबल संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *