भास्कर न्यूज | कोटपूतली श्री अवध बिहारी मंदिर में परंपरागत फूलडोल होली महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और ठाकुर जी के साथ फूलों की होली खेलकर उत्सव का आनंद लिया। मंदिर के महंत श्री श्री 1008 श्री बालेश्वर दास महाराज ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी ठाकुर जी को मंदिर से बाहर विराजमान कर झांकी सजाई गई। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक फूलों की होली खेलते हुए भगवान के जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। यह परंपरा लगभग 300 वर्षों से निरंतर चली आ रही है। हर वर्ष ठाकुर जी मंदिर से बाहर आकर भक्तों के बीच होली उत्सव में शामिल होते हैं, जो क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी नर हरिदास महाराज, ब्रह्मानंद शर्मा, प्रवीण कुमार बंसल, अमरनाथ बंसल, नवल बंसल, पवन सैनी और योगेश शरण बंसल सहित अनेक भक्त उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन और फूलों की होली खेली।


