धुलंडी के दूसरे दिन गुरुवार को पुलिसकर्मियों ने पुलिस लाइन व थानों में जमकर होली खेली। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर व मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान आईजी गौरव श्रीवास्तव और एसपी योगेश गोयल समेत जिले के सभी डीएसपी व थानाधिकारी रंगों में सराबोर दिखे। सभी फिल्मी और पंजाबी गानों पर जमकर थिरके। होली-धुलंडी पर शहर की कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। त्योहारी ड्यूटी से निवृत्त होने के बाद गुरुवार को सुबह पुलिस लाइन में पुलिस की होली शुरू हुई। इस दौरान सभी जवानों ने आईजी-एसपी को रंग लगाया। कांस्टेबल से लेकर थानाधिकारी और डीएसपी तक सभी अधिकारी और जवान एक साथ मिलकर गानों पर झूमते रहे। करीब तीन घंटे तक चले इस जश्न में सभी ने रंग-गुलाल के साथ गीत-संगीत और डांस का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मी गले मिलकर होली की बधाई देते रहे। बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी भी उत्सव में शामिल हुईं।


