तेलंगाना टनल हादसे में 13 दिन से 8 मजदूर फंसे हैं। इन मजदूरों को टनल से निकालने के लिए केरल पुलिस ने दो स्निफर डॉग को भेजा है। इन कुत्तों को ‘कैडेवर डॉग’ कहते हैं, जो मलबे में दबे शवों को ढूंढने में माहिर होते हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने केरल सरकार से इन कुत्तों को भेजने का अनुरोध किया था, जिसके बाद केरल सरकार ने दो कुत्तो को भेजा है। इन कुत्तों के साथ उनके ट्रेनर भी गए हैं, जो बचाव कार्य में मदद करेंगे। जामिया छात्रों के निलंबन पर हाईकोर्ट की रोक, शांतिपूर्ण प्रदर्शन बताया दिल्ली हाईकोर्ट ने जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के 17 छात्रों के निलंबन पर रोक लगा दी है। ये छात्र कैंटीन के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, जब उन्हें निलंबित कर परिसर में प्रवेश से रोका गया था। जस्टिस दिनेश कुमार शर्मा ने विश्वविद्यालय को कुलपति की निगरानी में एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। कोर्ट ने कहा, ‘प्रथम दृष्टया यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण प्रतीत होता है। विश्वविद्यालय ने छात्रों के विरोध को जिस तरह संभाला, वह चिंताजनक है।’ कोर्ट ने कहा कि ‘शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है और छात्रों को इससे सीखने का अवसर मिलना चाहिए।’ मामले की अगली सुनवाई 2 मई को होगी। आज की अन्य बड़ी खबरें गुजरात दंगे के 14 गवाहों की केंद्र ने सुरक्षा हटाई, गवाह बोले- सुरक्षा हटाना सही नहीं, हम आज भी डरे हुए हैं केंद्र सरकार ने 2002 के गुजरात दंगों के 14 गवाहों की सुरक्षा हटा दी है। ये गवाह गुजरात के अलग-अलग जिलों में हुई हिंसा के बारे में गवाही देने वाले थे। गृह मंत्रालय ने SIT की सिफारिश के आधार पर यह फैसला लिया है। गवाहों का कहना है कि सुरक्षा हटाना सही नहीं है, क्योंकि वे आज भी डरे हुए हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी सरकार के इस फैसले की आलोचना करते हुए कहा है कि अगर गवाहों को कुछ हुआ तो जिम्मेदारी कौन लेगा? AAP ने सरकार से सुरक्षा वापस लेने के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की है। तेलंगाना बीजेपी ने 3 में से 2 MLC सीटें जीती, PM बोले- राज्य की जनाता को समर्थन के लिए धन्यवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना में BJP की MLC चुनाव में सफलता पर जनता का आभार जताया। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना की। BJP ने तीन में से दो सीटों पर जीत हासिल की है। मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा-तेलंगाना की जनता का BJP को जबरदस्त समर्थन देने के लिए धन्यवाद। मैं हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं पर गर्व महसूस करता हूं, जो जनता के बीच मेहनत से काम कर रहे हैं। ओडिशा सरकार ने स्कूल भवनों के लिए नया रंग कोड नारंगी पेश किया, अभी हरे रंग यूज होता था ओडिशा सरकार ने राज्य भर के पीएम श्री स्कूलों सहित सभी सरकारी स्कूलों की इमारतों के लिए एक नए रंग कोड की घोषणा की है। ओडिशा स्कूल शिक्षा कार्यक्रम प्राधिकरण (OSEPA) ने सभी कलेक्टरों-सह-अध्यक्ष को सभी सरकारी स्कूलों के लिए एक समान रंग कोड अपनाने के लिए लिखा है। BJD के तहत, राज्य भर के सभी सरकारी स्कूलों को हरे रंग से रंगा गया था, जिसमें आधिकारिक भवन भी शामिल थे। हालांकि नई सरकार के कार्यभार संभालने के बाद आधिकारिक भवनों का रंग नारंगी-भूरे रंग के किनारे के साथ हल्के नारंगी रंग में बदल गया है। इसके अलावा राज्य की भाजपा सरकार ने कार्यभार संभालने के कुछ महीनों बाद कक्षा IX और X के लिए स्कूल यूनिफॉर्म का रंग और डिजाइन हरे से बदलकर हल्का भूरा और मैरून कर दिया था। यूपी के कौशांबी में बब्बर खालसा इंटरनेशनल का आतंकी गिरफ्तार, ग्रेनेड बरामद उत्तरप्रदेश के कौशांबी में पंजाब पुलिस और यूपी एसटीएफ ने जॉइंट ऑपरेशन में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) और ISI मॉड्यूल के सक्रिय आतंकवादी पंजाब के अमृतसर निवासी लाजर मसीह को गुरुवार सुबह गिरफ्तार किया। मसीह BKI के जर्मनी आधारित मॉड्यूल के प्रमुख स्वर्ण सिंह उर्फ जीवन फौजी के लिए काम करता है। और पाकिस्तान स्थित ISI के गुर्गों के साथ सीधे संपर्क में है। मसीह के पास से 3 जिंदा हैंड ग्रेनेड, 2 सक्रिय डेटोनेटर, 13 कारतूस और 1 विदेशी पिस्तौल सहित अवैध हथियार और विस्फोटक बरामद हुआ है। पूरी खबर पढ़ें… श्री अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होगी, 9 अगस्त को समापन; LG मनोज सिन्हा ने बैठक की श्री अमरनाथ यात्रा इस साल 3 जुलाई से शुरू होगी। यात्रा दोनों रास्तों यानी पहलगाम ट्रैक और गांदरबल जिले के बालटाल रूट से एक साथ शुरू होगी। यात्रा का समापन 9 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन होगा। इस संबंध में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक भी की।


