कोंडागांव जिले के शासकीय प्राथमिक विद्यालय डोंगरीपारा करंजी में होली पर्व के बाद छात्र-छात्राओं ने सहपाठियों और शिक्षकों के साथ रंगों का त्योहार मनाया। विद्यालय परिसर अबीर-गुलाल के रंगों से सराबोर हो गया, बच्चों की खुशियों से वातावरण गूंज उठा। वनांचल क्षेत्र में स्थित इस विद्यालय के विद्यार्थियों ने लाल, पीला, नीला, हरा गुलाल लगाकर भाईचारे और एकता का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन व मर्यादा का विशेष ध्यान रखा गया। कार्यक्रम संयोजक टी. एंकट राव, शिक्षिका सारिका वैष्णव के मार्गदर्शन में बच्चों ने रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अपनी हथेलियों को अलग-अलग रंगों में रंगकर एक बड़े कैनवास पर छाप लगाई। इस सामूहिक कलाकृति ने एकता की झलक दिखाई। बच्चों ने गुलाल से अलग-अलग आकृतियां भी बनाई। बच्चों को दिया सौहार्द का संदेश इस अवसर पर टी. एंकट राव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि होली केवल चेहरे पर रंग लगाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह मन को मित्रता, करुणा, मानवता के रंगों से रंगने का अवसर है। उन्होंने बच्चों को प्रकृति के प्रति आस्था बनाए रखते हुए सौहार्द, अनुशासन के साथ त्योहार मनाने की सीख दी।


