कोटा के अंजलि विहार में मगरमच्छों का खौफ:खाली प्लॉटों में भरे पानी से कॉलोनीवासी परेशान,वन विभाग से रेस्क्यू की मांग

कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित अंजलि विहार कॉलोनी में इन दिनों मगरमच्छों के निकलने से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। कॉलोनी में कई खाली प्लॉटों में बारिश का पानी अब तक भरा हुआ है, जिनकी सफाई और निकासी नहीं होने से यहां मच्छरों के साथ-साथ मगरमच्छों का भी बसेरा बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन प्लॉटों में 8 से 10 फीट लंबे मगरमच्छ देखे जा चुके हैं, जो कभी रात के समय तो कभी सुबह पानी से बाहर निकलकर कॉलोनी की गलियों तक आ जाते हैं। स्थानीय निवासी नरेश सिंह ने बताया कि उनका मकान अंजलि विहार में है और उनके घर के ठीक पास एक खाली प्लॉट पड़ा हुआ है, जिसमें काफी समय से पानी भरा हुआ है। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में ऐसे कई प्लॉट हैं जहां बरसात के समय जमा हुआ पानी अभी तक नहीं निकाला गया है। इन प्लॉटों में मच्छरों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है और मगरमच्छ भी वहीं पानी में छिपे रहते हैं। नरेश सिंह ने कहा कि कॉलोनी में अभी कम मकान बने हुए हैं और आसपास खाली जगह ज्यादा है। ऐसे में जब बच्चे बाहर खेलने निकलते हैं तो परिवार वालों को हर समय डर बना रहता है कि कहीं मगरमच्छ बाहर आकर हमला न कर दे। कॉलोनीवासियों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी प्रशासन को भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन और वन विभाग जल्द मौके पर पहुंचकर मगरमच्छों का रेस्क्यू करे और खाली प्लॉटों में भरे पानी की निकासी कराए, ताकि कॉलोनीवासियों को इस खतरे से राहत मिल सके और किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *