भीलवाड़ा के कारोई स्थित लेटे हुए हनुमानजी की प्रतिमा वाले श्री सांवरिया हनुमान मंदिर का छठा पाटोत्सव 8 से 11 मार्च तक मनाया जाएगा। मंदिर के महन्त बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में होने वाले इस आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में चार दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों में भजन संकीर्तन, सुंदरकांड पाठ, छप्पन भोग और महाआरती जैसे धार्मिक आयोजन होंगे। पहले दिन श्री श्याम बालाजी संकीर्तन, कन्हैया मित्तल की प्रस्तुति पाटोत्सव के पहले दिन 8 मार्च की शाम 7:15 बजे श्री श्याम बालाजी संकीर्तन का आयोजन होगा। इसमें चंडीगढ़ के प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल भजनों की प्रस्तुति देंगे। उनके साथ भीलवाड़ा के सोनू विश्नोई और कानपुर की दीपांशी तिवारी भी भक्तिमय भजनों से माहौल को भक्तिरस से सराबोर करेंगी। चार दिन तक मंदिर परिसर में लगेगा मेला मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नटराज सिंह कारोही ने बताया कि छठे पाटोत्सव के उपलक्ष्य में चार दिवसीय भव्य मेले का उद्घाटन 8 मार्च को सुबह 10 बजे किया जाएगा। मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने पहुंचेंगे और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। 11 मार्च को सुंदरकांड, छप्पन भोग और महाआरती मंदिर के व्यवस्थापक शिव समदानी ने बताया कि पाटोत्सव के मुख्य दिवस 11 मार्च को सुबह 10 बजे से श्री बालाजी सत्संग मंडल द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे छप्पन भोग और महाआरती का आयोजन होगा। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा। महन्त बाबूगिरी महाराज ने बताया कि कारोईवासियों और श्री सांवरिया हनुमानजी के भक्तों के सहयोग से इस पाटोत्सव को भव्य रूप दिया जा रहा है। समाज के विभिन्न वर्गों के लोग आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग कर रहे हैं। इस मौके पर श्याम बालाजी संकीर्तन मित्र मंडल के कुंदनगिरी गोस्वामी, संदीप जोशी, दीपक विजयवर्गीय, वैभव डांगी, प्रवीण सेन और मंदिर के मीडिया प्रभारी विकास त्रिपाठी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।


