सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने के लिए वन्यजीव के साथ रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। पाली जिले में एक युवक ने वन्यजीव सांडा (स्पाइनी टेल्ड लिजार्ड) को पकड़कर उसके साथ रील बनाई और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी। वीडियो वन विभाग तक पहुंचा तो टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे 15 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। रील सोशल मीडिया पर वायरल हुई, वन विभाग ने शुरू की जांच वन विभाग के पाली रेंजर प्रकाश चौधरी ने बताया- सोशल मीडिया पर वन्यजीव सांडा के साथ बनाई गई रील सामने आने के बाद उपवन संरक्षक के निर्देश पर मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई देने वाले युवक की पहचान पाली जिले के रोहट क्षेत्र के मांडावास गांव निवासी रघुनाथ (पुत्र मांगीलाल) के रूप में हुई। वन्यजीव को पकड़कर बनाई थी रील वन विभाग की जांच में सामने आया कि आरोपी ने सांडा को पकड़कर अपने कब्जे में रखा और उसके साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। वन्यजीव के साथ इस तरह का व्यवहार वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत अपराध माना जाता है। इसी आधार पर वन विभाग ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया। कोर्ट में पेश, 15 दिन की न्यायिक अभिरक्षा कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर पाली के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे 15 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए। वन विभाग की चेतावनी- वन्यजीवों से छेड़छाड़ पर सख्त कार्रवाई वन विभाग ने चेतावनी दी है कि वन्यजीवों को पकड़ना, बंधक बनाना, उन्हें परेशान करना या उनके साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालना कानूनन अपराध है।
गांव में जड़़ी-बूटियां बेचने वालों से खरीदे 1 हजार में दो सांडा
वन विभाग की उपवन संरक्षक कस्तुरी प्रशांत सूले ने बताया कि आरोपी युवक के गांव में जुड़ी-बूटियां और आयुर्वेदिक दवाइयां बेचने दो युवक आए थे। जिनको युवक ने कहा कि उसके घुटनों में दर्द रहता है। ऐसे में उन्होंने एक शीशी तेल की दी और बोले कि यह सांडा का तेल है और इससे उसके घुटनों दर्द 10 दिन में खत्म हो जाएगा। उसने कहा कि विश्वास नहीं होता तो उन्होंने अपने बैग से दो सांडा निकालकर युवक को बताए। इस पर आरोपी युवक ने उनसे कहा कि इन सांडा का तेल निकालकर बताओ। ऐसे में जड़ी बूटियां बेचने आए युवकों ने दोनों सांडा आरोपी युवक को एक हजार रुपए में दिए और बोले कि कल आकर निकालेंगे लेकिन वापस नहीं आए।


