केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत आज से जैसलमेर और पोकरण के दो दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। 6 और 7 मार्च को होने वाले इस प्रवास के दौरान वे न केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हिस्सा बनेंगे, बल्कि प्रशासनिक स्तर पर जिले के विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। मंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। आज पोकरण में स्थानीय कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय मंत्री शेखावत शुक्रवार दोपहर 3:15 बजे दिल्ली से विशेष विमान द्वारा जैसलमेर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। हवाई अड्डे पर स्वागत के पश्चात वे सड़क मार्ग से सीधे पोकरण के लिए रवाना होंगे। शाम 4:30 बजे पोकरण पहुंचने पर वे विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों और जनसंवाद कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। पोकरण में करीब डेढ़ घंटे के कार्यक्रमों के बाद वे शाम 6:00 बजे जैसलमेर के लिए प्रस्थान करेंगे और रात्रि विश्राम स्वर्ण नगरी में ही करेंगे। कल चादर महोत्सव और ‘दिशा’ की अहम बैठक शनिवार, 7 मार्च सुबह 11:35 बजे केंद्रीय मंत्री जैसलमेर के प्रसिद्ध डेडानसर मेला ग्राउंड पहुंचेंगे, जहाँ वे आयोजित ‘चादर महोत्सव’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके पश्चात, दोपहर 1:00 बजे जैसलमेर जिला कलेक्टर कार्यालय के सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। विकास कार्यों का लेंगे फीडबैक ‘दिशा’ की बैठक के दौरान मंत्री शेखावत केंद्र सरकार द्वारा संचालित फ्लैगशिप योजनाओं जैसे जल जीवन मिशन, पीएम आवास योजना और सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। वे अधिकारियों से जिले में चल रहे विकास कार्यों का फीडबैक लेंगे और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगे। इस बैठक में सांसद, स्थानीय विधायक और जिले के आला अधिकारी मौजूद रहेंगे। क्षेत्रीय राजनीति और विकास पर नजर राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मंत्री का यह दौरा सीमावर्ती क्षेत्र में केंद्र सरकार की पकड़ और विकास के दावों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। पर्यटन मंत्री होने के नाते वे जैसलमेर में पर्यटन की नई संभावनाओं पर भी चर्चा कर सकते हैं।


