धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र में पार्वती नदी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। महूरी गांव के पास रपट पार करते समय पैर फिसलने से वह नदी में गिर गया था। लगभग 17 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गुरुवार सुबह उसका शव बरामद किया गया। यह घटना बुधवार शाम की है। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने व्यक्ति को नदी में गिरते देखा। वे तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिला। ग्रामीणों ने तत्काल मनियां पुलिस को घटना की सूचना दी। गोताखोरों की मदद से निकाला शव
सूचना मिलते ही मनियां थाना प्रभारी नीरज कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों ने बुधवार रात भर नदी में डूबे व्यक्ति की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। गुरुवार सुबह फिर से बचाव अभियान शुरू किया गया। गुरुवार सुबह स्थानीय गोताखोरों को नदी के दूसरी तरफ डूबे व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मनियां सीएचसी की मॉर्च्युरी में रखवाया। मृतक की पहचान कलुआपुरा निवासी 50 वर्षीय प्रधान कुशवाह पुत्र रामलाल के रूप में हुई है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पुत्र विजय सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके पिता प्रधान कुशवाह बुधवार शाम आलू की खुदाई के लिए मजदूर लेने निधेरा गांव गए थे। रपट पर पानी होने के कारण उनका पैर फिसल गया और वे पार्वती नदी में जा गिरे। उन्हें तैरना नहीं आता था, जिसके कारण उनकी मौत हो गई।


