कोरिया जिले में बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के लिए मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। जिले में 10 जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित होकर आए है। काफी गहमागहमी के बीच मतदान की प्रक्रिया पीठासीन अधिकारी ने संपन्न कराई। यहां अध्यक्ष पद के लिए दो जिला पंचायत सदस्यों ने नामांकन दाखिल किया था। दोनों ही उम्मीदवार भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य मोहित राम पैकरा व सौभाग्यवती सिंह कुसरो थीं। यहां मोहित राम को 6 और सौभाग्यवती को 4 वोट मिले। इसके बाद बाहर खड़े समर्थक मोहित के पक्ष में नारेबाजी कर खुशी मनाने लगे। जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध वंदना राजवाड़े को चुना गया। कोरिया जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए बड़ा उलटफेर देखने को मिला। सुबह जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए जिला पंचायत सभाकक्ष में मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। एक दिन पहले यह तय माना जा रहा था कि भाजपा समर्थित सौभाग्यवती को अध्यक्ष बनाया जाएगा, क्योंकि वह पूर्व में जनपद अध्यक्ष भी रह चुकी है। लेकिन मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम पूरी तरह से पलट गया और कांग्रेस से भाजपा में आए मोहित ने बाजी मारी। जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए सुरेश सिंह को प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन नामांकन के अंतिम समय में उन्होंने अपना मन बदल लिया और वंदना राजवाड़े निर्विरोध जिला पंचायत उपाध्यक्ष चुनी गईं। पीठासीन अधिकारी अरूण कुमार मरकाम व सहायक पीठासीन अधिकारी ऋतु साहू ने मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई और जिपं अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को प्रमाण-पत्र सौंपा। विधायक भइयालाल राजवाड़े की बहू वंदना राजवाड़े निर्विरोध जिला पंचायत उपाध्यक्ष चुनी गईं। बता दें कि बीते जिला पंचायत के चुनाव में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनाव के दौरान विधायक भइयालाल राजवाड़े अपने समर्थकों के साथ बेटे विजय लाल राजवाड़े को जिला पंचायत उपाध्यक्ष बनाने की तैयारी में थे, लेकिन मतदान प्रक्रिया के बाद निर्दलीय जिला पंचायत सदस्य वेदांती तिवारी जिपं उपाध्यक्ष चुनी गईं थी।


