अबोहर में ट्रैक्टर ने कार को मारी टक्कर:बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ी, एक घायल, पराली से भरी ट्रॉली ने तोड़ा बिजली का खंभा

अबोहर के श्रीगंगानगर रोड पर शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ। एक ट्रैक्टर के टायर में खराबी आने के कारण वह अनियंत्रित होकर एक क्रेटा कार से टकरा गया। टक्कर के बाद कार डिवाइडर से जा टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार ड्राइवर बाल-बाल बच गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति को मामूली चोटें आईं। जानकारी के अनुसार, कोटकपूरा निवासी लोकेश अपने भाई संयम के साथ श्रीगंगानगर जा रहे थे। जब वे गांव सप्पांवाली के पास पहुंचे, तो सामने से आ रहा एक ट्रैक्टर अचानक उनकी कार से टकरा गया। ट्रैक्टर के टायर में खराबी बताई जा रही है, जिसके कारण वह अनियंत्रित हो गया था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई। कार के एयरबैग खुलने से संयम को गर्दन पर मामूली चोटें आईं, जबकि लोकेश सुरक्षित रहे। कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। घायल को अस्पताल में कराया भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही 112 हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने संबंधित थाने को भी सूचित किया। मौके पर मौजूद कोटकपूरा के गांव सरायेनागा निवासी मुकेश ने बताया कि वे भी श्रीगंगानगर जा रहे थे और उन्होंने अपने परिचितों की क्षतिग्रस्त कार देखी। उन्होंने बताया कि यह हादसा ट्रैक्टर चालक की गलती से हुआ, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली पलटी इसके अलावा, रात करीब 12 बजे फाजिल्का की ओर से अबोहर आते समय आर्मी कैंट के पास हुई। ट्रैक्टर ड्राइवर तरसेम सिंह घल्लू गांव से धान की पराली की गांठें लेकर अबोहर आ रहा था। फाजिल्का रोड पर डिवाइडर पर लगे खंभे से उसकी ट्रॉली टकरा गई, जिससे ट्रॉली सड़क के बीचों-बीच पलट गई। हादसे में ट्रॉली को नुकसान पहुंचा और खंभा भी टूट गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई अन्य वाहन ट्रॉली की चपेट में नहीं आया। हालांकि, पूरी रात ट्रॉली सड़क के बीचों-बीच पलटी रहने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह तक वाहन चालक इस मुख्य मार्ग से यू-टर्न लेकर गुजरते रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *