अबोहर के हनुमानगढ़ रोड पर देर रात एक युवक को लगभग 200 नशीले प्रीगाबालिन कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया गया। युवक ने अपनी बाइक से एक कार को टक्कर मार दी थी और मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, तभी स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरु रात करीब 10 बजे हुई। बाइक सवार युवक ने टक्कर मारने के बाद भागने की कोशिश की, लेकिन आसपास के लोगों ने उसे कड़ी मशक्कत के बाद काबू कर लिया। लोगों ने घटना की सूचना मीडियाकर्मियों को भी दी थी। लोग जुटे तो भागने लगा युवक मौके पर पहुंचे मीडिया कर्मियों को देखकर युवक अपनी बाइक छोड़कर भागने लगा। लोगों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ा। बाइक की तलाशी लेने पर उसमें से प्रीगाबालिन के 20 पत्ते (लगभग 200 कैप्सूल) बरामद हुए। पकड़े गए युवक की पहचान अमरपुरा गांव निवासी मनप्रीत के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान मनप्रीत ने बताया कि ये नशीले कैप्सूल सीडफार्म इलाके में खुलेआम बिकते हैं। उसने पुलिस प्रशासन से इस मामले में कार्रवाई करने की अपील की। पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


