120 फीट गहरे कुएं में गिरी बुजुर्ग महिला की मौत:खेत में बने देवस्थान पर धोक लगाने गई थी, पांच घंटे बाद मिला शव

चित्तौड़गढ़ जिले के चंदेरिया थाना क्षेत्र के नया खेड़ा गांव में शुक्रवार सुबह खेत में बने गहरे कुएं में गिरने से 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। महिला सुबह अपने खेत में कुएं के पास स्थित बावजी पर धोक लगाने गई थी। कम दिखाई देने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में गिर गईं। युवक ईश्वर जटिया ने आवाज सुनकर कुएं में झांककर देखा और ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों ने करीब 2.30 घंटे तक रस्सियों व अन्य साधनों से अपने स्तर पर महिला को निकालने का प्रयास किया, लेकिन कुएं की अधिक गहराई और पानी होने के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना पर पुलिस और सिविल डिफेंस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। घटना के पांच घंटे बाद दोपहर 12 बजे महिला का शव मिला। 120 फीट गहरा कुआं, पानी भी काफी ज्यादा मृतका के भतीजे राधेश्याम जटिया (26) ने बताया कि डाली बाई जटिया (85) सुबह खेत पर गई थीं। कुएं के पास बने बावजी के स्थान पर धोक लगाने के बाद वह कुएं में गिर गईं। उम्र अधिक होने के कारण उन्हें कम दिखाई देता था। उन्होंने बताया कि कुआं काफी गहरा है। इसकी गहराई करीब 120 फीट है और उसमें लगभग 80 से 90 फीट तक पानी भरा हुआ था। इतनी गहराई और पानी होने के कारण किसी को ढूंढना आसान नहीं था। परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने सुबह करीब 7 से 7:30 बजे के बीच महिला को निकालने की कोशिश शुरू कर दी थी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सिविल डिफेंस टीम ने शुरू किया रेस्क्यू ग्रामीणों और पुलिस की सूचना के बाद सिविल डिफेंस की टीम सुबह करीब 9:30 बजे मौके पर पहुंची। टीम के सदस्य तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए। सबसे पहले कुएं के ऊपर से महिला को ढूंढने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ दिखाई नहीं दिया। इसके बाद टीम के कुछ सदस्य सुरक्षा उपकरणों के साथ कुएं के अंदर उतरे और पानी में तलाश शुरू की। कुएं की गहराई और पानी ज्यादा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी कठिन रहा। टीम के सदस्य सावधानी के साथ अंदर जाकर महिला को तलाशते रहे। गिरने के पांच घंटे बाद मिला शव गिरने के करीब पांच घंटे तक लगातार तलाश करने के बाद दोपहर करीब 12 बजे महिला का शव कुएं के अंदर पानी में मिला। इसमें सिविल डिफेंस की टीम को करीब ढाई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद टीम ने सावधानी के साथ शव को बाहर निकाला। जब शव को बाहर लाया गया तो मौके पर मौजूद परिजन और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। कई सदस्यों ने मिलकर किया रेस्क्यू सिविल डिफेंस टीम के कैलाश चंद्र वैष्णव ने बताया – सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। रेस्क्यू ऑपरेशन में राजकुमार भोई, रामलाल भोई, मुकेश भोई, रतनलाल भोई, नारायण कीर, अर्जुन लखारा, प्रियदर्शन सिंह और रतनलाल पूर्बिया सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। सभी ने मिलकर पहले ऊपर से तलाश की और फिर कुएं के अंदर उतरकर खोजबीन की। करीब दो से ढाई घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद महिला का शव बाहर निकाला गया और परिजनों को सौंप दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *