रायगढ़ में परसकोल हत्याकांड मामला, 2 पुलिसकर्मी लाईन अटैच:मजिस्ट्रियल जांच के आदेश के बाद आंदोलन समाप्त, मृतक की पत्नी करेगी चपरासी की नौकरी

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के परसकोल में हत्याकांड मामले में पुलिस पूछताछ के दौरान एक ग्रामीण की हालत बिगड़ गई। जिसकी ईलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में परिजनों ने आंदोलन किया और दोषी पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने के साथ ही पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नौकरी की मांग की। जहां इस मामले में टीआई पर जांच समेत 2 पुलिसकर्मियों को लाईन अटैच किए जाने की चर्चा है। इसके अलावा मजिस्ट्रियल जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने का आश्वसन दिया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक गुरूवार की शाम को नेशनल हाईवे 49 में घटना के विरोध में चक्काजाम कर दिया। समाज के लोगों ने 1 करोड़ रुपये मुआवजा, मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी और दोषी पुलिसकर्मियों के निलंबन के साथ दंडात्मक कार्रवाई की मांग रखी। प्रशासन और समाज के प्रतिनिधियों के बीच इस विषय पर घंटों तक विचार-विमर्श हुआ। ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे। खरसिया विधायक उमेश पटेल भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समर्थन देते हुए उनकी मांगो की जानकारी ली। जिसके बाद देर रात विधायक की मौजूदगी में प्रशासन और पीड़ित परिवार के बीच दोषी पुलिस वालों के खिलाफ मजिस्ट्रियल जांच, मृतक की पत्नी को कलेक्टर दर से आसपास के शासकीय स्कूल में नौकरी, जांच पूरी नहीं होने तक दोषी पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच और मुआवजा राशि के लिए सहमति बन गई। जिसके बाद ग्रामीणों का आंदोलन समाप्त हुआ।
स्पष्ट नहीं कर रहे पुलिस अधिकारी
मामले में टीआई समेत 3 पुलिसकर्मियों के लाईन अटैच की चर्चा है, लेकिन पुलिस के अधिकारी इसे स्पष्ट नहीं कर रहे हैं। 2 पुलिसकर्मियों को लाईन अटैच की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि आरक्षक बिसोप सिंह और योगेश साहू को जांच पूरी होने तक लाइन अटैच कर दिया गया है और पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं।
मजिस्ट्रियल जांच में समाज के लोग भी रहेंगे
इस संबंध में चौहान समाज के संगठन मंत्री शिवाधर हैंवार ने बताया कि मामले में टीआई समेत 2 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है। साथ ही मजिस्ट्रियल जांच के लिए आदेश जारी किया है। उसमें समाज के 5 सदस्यों को भी जांच दल में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा मृतक की पत्नी को कलेक्टर दर पर स्कूल में चपरासी की नौकरी दी जा रही है। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एएसपी बोले- 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड किए गए
इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने बताया कि 2 पुलिसकर्मियों को लाईन अटैच किया गया है। इसके अलावा बाकी की जानकारी के लिए SDOP से चर्चा कर लेंगे। वहीं जब SDOP प्रभात पटेल से हमने बात की, तो उन्होंने बताया कि मामले में जांच चल रही है कि कितने इस मामले में आते हैं। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *