रामगढ़ पुलिस ने अपराधी को किया गिरफ्तार:होली पर पिस्टल से दहशत फैलाने का किया था प्रयास, पहले भी जा चुका है जेल

रामगढ़ पुलिस ने होली के दिन पिस्टल दिखाकर दहशत फैलाने वाले एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी सुजित डोम उर्फ सुजित राम के घर से एक देशी पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद की है। पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ को गुप्त सूचना मिली थी कि 4 मार्च 2026 को होली के दिन बुधबाजार रिवरसाइड, भुरकुंडा निवासी सुजित डोम ने आपसी विवाद में पिस्टल दिखाकर माहौल खराब किया था और लोगों में भय पैदा कर रहा था। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पतरातू के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने 5/6 मार्च 2026 की रात को सुजित डोम के घर पर सशस्त्र बल के सहयोग से घेराबंदी कर तलाशी और छापेमारी की। सुजित घर पर मौजूद मिला। होली के दिन इस्तेमाल किए गए हथियार के बारे में गहन पूछताछ करने पर उसने बताया कि हथियार और गोली उसके कमरे में रखे चदरा के बक्से में छिपाकर रखे हैं। उसकी निशानदेही पर बक्से की तलाशी लेने पर एक देशी पिस्टल, 8 जिंदा राउंड और एक मैगजीन बरामद हुई। बरामद हथियार और कारतूस से संबंधित वैध कागजात मांगे जाने पर सुजित डोम कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद, अवैध रूप से हथियार और कारतूस घर में छिपाकर रखने के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सुजित पूर्व में आर्म्स एक्ट, संगठित अपराध, डकैती और कई अन्य मामलों में जेल जा चुका है। वह राहुल दुबे गैंग के लिए भदानीनगर रेलवे साइडिंग लेवी को लेकर गोलीकांड की घटना को अंजाम दे चुका है। जेल से छूटने के बाद वह राहुल दुबे के नाम पर भी क्षेत्र में दहशत फैलाने का काम कर रहा था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *