वीर वीरमदेव राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय,जालोर को एनएएसी से श्रेष्ठ ग्रेड प्राप्त होने पर डॉ. ओमप्रकाश बैरवा, (आयुक्त) आयुक्तालय उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया। प्राचार्य अर्जुन सिंह उज्ज्वल ने बताया कि राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद के तीन सदस्यीय दल ने दिसम्बर माह में महाविद्यालय की भौतिक, अकादमिक (शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक) गतिविधियों का गहन अध्ययन कर महाविद्यालय को बेहतरीन ग्रेडिंग दी। नैक निरीक्षण टीम ने महाविद्यालय के शैक्षणिक परिवेश को सराहा तथा महाविद्यालय भवन, खेल मैदान, हॉस्टल, पुस्तकालय एवं हरित वातावरण के साथ स्वच्छ परिसर को अनुकरणीय बताया। इसके अलावा बेस्ट प्रैक्टिस के तहत विद्यार्थियों द्वारा सप्ताह में एक दिन राजस्थानी परिधान पहनने जैसे नवाचार को अपनाने की प्रशंसा करने के साथ ही इसे नैक टीम ने भी संस्कृति व संस्कारों के उन्नयन के लिए महत्वपूर्ण बताया। नैक टीम द्वारा करीब 20 वर्षों के पश्चात् निरीक्षण किया गया जिसके बाद कॉलेज को श्रेष्ठ ग्रेड मिला। महाविद्यालय की यह उपलब्धि प्राचार्य, संकाय सदस्यों, प्रशासनिक कर्मचारियों, छात्रों के समर्पण और कड़ी मेहनत का प्रमाण है। यह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने, शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढावा देने और छात्रों के समग्र विकास को सुनिश्चित करने के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


