नयागांव-चंडीगढ़ रोड से हटेगा रेहड़ी अतिक्रमण:पैदल मार्ग बनाने की मांग, BJP प्रतिनिधिमंडल ने मेयर को सौंपा ज्ञापन, पीक आवर्स में ट्रैफिक पुलिस तैनात

नयागांव और चंडीगढ़ के बीच बढ़ते ट्रैफिक जाम और कनेक्टिविटी की समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने नयागांव-चंडीगढ़ रोड से रेहड़ी अतिक्रमण हटाने, पीक आवर्स में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और सुरक्षित पैदल मार्ग बनाने की मांग उठाई। मेयर सौरभ जोशी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उठाए गए सभी मुद्दों की जांच कर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। बीजेपी नयागांव के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पंजाब बीजेपी के स्टेट मीडिया हेड विनीत जोशी ने किया। प्रतिनिधिमंडल में बीजेपी नयागांव मंडल के अध्यक्ष भूपिंदर भूपी, पूर्व पार्षद सुरिंदर कौशिश बब्बल, पार्षद प्रमोद और बबलू, महासचिव सुरेश यादव और संजय गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नयागांव के बड़ी संख्या में लोग रोजाना काम के सिलसिले में चंडीगढ़ आते-जाते हैं। इनमें कई लोग पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज, पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ प्रशासन और निजी संस्थानों में कार्यरत हैं। इस कारण नयागांव और चंडीगढ़ के बीच सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना बेहद जरूरी हो गया है। सड़क चौड़ी करने और अतिक्रमण हटाने की मांग पंजाब बीजेपी के स्टेट मीडिया हेड विनीत जोशी ने बताया कि पीजीआई और पीईसी के रास्ते से गुजरने वाली नयागांव-चंडीगढ़ रोड पर भारी ट्रैफिक जाम रहता है। यह मार्ग एक लाख से अधिक लोगों के लिए मुख्य आवागमन का रास्ता है। उन्होंने सड़क को चौड़ा करने, रेहड़ी-फड़ी के अतिक्रमण हटाने और व्यस्त समय में ट्रैफिक पुलिस तैनात करने की मांग की। इसके साथ ही सड़क के किनारे सुरक्षित पैदल मार्ग बनाने की भी मांग उठाई गई, ताकि पैदल चलने वाले लोगों को किसी प्रकार की दुर्घटना का खतरा न रहे। प्रतिनिधिमंडल ने खुड्डा लोहारा पुल के पास मध्य मार्ग से नयागांव को जोड़ने वाली सड़क को चौड़ा करने और पंजाब सिविल सचिवालय के रास्ते आने-जाने वाले मार्ग को बेहतर बनाने की मांग भी रखी। इससे नयागांव, कांसल और खुड्डा अलीशेर के लोगों को राहत मिल सकेगी। इसके अलावा पटियाला की राव के बांध की कमजोर होती स्थिति, पीजीआई-नयागांव रोड पर कूड़ा फेंके जाने की समस्या और मास्टर प्लान के तहत प्रस्तावित 30 मीटर चौड़ी सड़क को जल्द विकसित करने की मांग भी मेयर के सामने रखी गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *